[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

परंपरा की थाप पर भविष्य की पहचान: चिल्हाटी की बेटियों ने सुवा नृत्य को दी नई उड़ान…

बिलासपुर,19अक्टूबर (वेदांत समाचार) । छत्तीसगढ़ की मिट्टी से जुड़ी लोकसंस्कृति की खुशबू अब नई पीढ़ी के कदमों से फैल रही है। बिलासपुर जिले के मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के चिल्हाटी गांव की बालिकाएं न सिर्फ लोकनृत्य ‘सुवा नृत्य’ को जीवित रखे हुए हैं, बल्कि उसे नई पहचान भी दे रही हैं।चमकता सितारा ग्रुप के नाम से पहचान बना रही इन बच्चियों ने बीते छह से सात वर्षों में अपने जज़्बे और लगन से इस पारंपरिक नृत्य को गांव-गांव तक पहुंचाया है। इन बालिकाओं की टोली में 22 से 24 सदस्य शामिल हैं, जिनके साथ 4 वरिष्ठ सहयोगी कलाकार मांदर और मंजीरे की मधुर थाप से नृत्य को और भी मनमोहक बना देते हैं।”

पहली बार मीडिया से रूबरू होते हुए इस समूह ने बताया कि उनका सपना है सुवा नृत्य को छत्तीसगढ़ के हर मंच पर पहचान दिलाना – ताकि हमारी लोकसंस्कृति सिर्फ किताबों में नहीं, बल्कि ताल और थिरकन में जीवित रहे।”

गांव के लोग भी इन बालिकाओं की लगन की जमकर सराहना कर रहे हैं और उन्हें हरसंभव सहयोग दे रहे हैं। यह पहल न सिर्फ एक परंपरा को बचाने की कोशिश है, बल्कि यह दिखाती है कि अगर हौसले बुलंद हों, तो कोई भी लोककला पीछे नहीं रहती।

“चिल्हाटी की इन बेटियों ने साबित कर दिया है कि परंपरा को थामे रखते हुए भी भविष्य की नई राहें बनाई जा सकती हैं।

[metaslider id="133"]