[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

गुरुग्राम में एयर इंडिया की ट्रेनी क्रू मेंबर्स से गेस्ट हाउस में लूट, पुलिस जांच में जुटी

गुरुग्राम,18अक्टूबर । साइबर सिटी के सेक्टर-42 स्थित एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार तड़के एयर इंडिया की ट्रेनी महिला क्रू मेंबर्स से लूट की वारदात सामने आई। आरोप है कि तीन अज्ञात बदमाश गेस्ट हाउस में घुसकर महिलाओं के पर्स, घड़ी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गेस्ट हाउस मालिक रोहित सैनी की शिकायत पर सुशांत लोक थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और गेस्ट हाउस स्टाफ व पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कमरे का सामान बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।

एयर इंडिया ने इस घटना को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया है। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि ट्रेनिंग प्रोग्राम के दौरान कुछ ट्रेनी क्रू मेंबर्स सेक्टर-42 स्थित गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर सभी क्रू मेंबर्स को अन्य होटल में शिफ्ट कर दिया गया है।

[metaslider id="133"]