[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

Pahalgam attack: आतंकी हमले का असर? 27 अप्रैल से वीजा रद्द, जल्द से जल्द भारत छोड़िए, केंद्र ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं निलंबित कीं

नई दिल्लीः केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए 48 घंटे की समय-सीमा दिये जाने के एक दिन बाद इस पड़ोसी देश के कई नागरिक बृहस्पतिवार को अटारी-वाघा सीमा मार्ग से स्वदेश लौटने लगे। केंद्र सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर गुरुवार को पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ना होगा, क्योंकि 27 अप्रैल से उनके वीजा रद्द कर दिए गए हैं। विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को पाकिस्तान की यात्रा न करने की भी सलाह दी है।

बयान में कहा गया है कि पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सुरक्षा पर कैबिनेट समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के क्रम में, भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है। भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल 2025 से रद्द हो जाएंगे।

पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल 2025 तक वैध होंगे। केंद्र ने पाकिस्तानी सैन्य सलाहकार (अताशे) को निष्कासित करने, 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करने और कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए भीषण आतंकवादी हमले के सीमा-पार संबंधों के मद्देनजर अटारी भूमि-पारगमन चौकी को तत्काल बंद करने सहित कई उपायों की बुधवार को घोषणा की।

[metaslider id="133"]