मुंबई : आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ ने पिछले साल दिसंबर में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जो गदर मचाया था, उसकी गूंज अभी तक शांत नहीं हुई है. अब करीब तीन महीने बाद मेकर्स ने इसके सीक्वल ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का ट्रेलर रिलीज करके सबको रोमांचित कर दिया है.
ट्रेलर में संजय दत्त, रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल के साथ दमदार कहानी की झलक पाकर फैंस इसे ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं. दर्शकों के रिएक्शन से लगता है कि सीक्वल, प्रीक्वल का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड आसानी तोड़ देगी. फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. वे कमेंट करके अपना रोमांच जाहिर कर रहे हैं. फिल्म ट्रेलर में एक बार फिर रणवीर सिंह अपने दमदार अवतार में नजर आए हैं. वे एक रॉ एजेंट बनकर ‘हमजा अली’ नाम के गैंगस्टर का रूप धरते हैं और पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क की जड़ें हिलाने निकल पड़ते हैं. यकीनन, पाकिस्तानी ऐसी धांसू फिल्म न बना पाने का अफसोस कर रहे होंगे.
रणवीर सिंह के लिए यह फिल्म उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई, क्योंकि इसने न केवल भारत में 838.5 करोड़ का बिजनेस किया, बल्कि दुनिया भर में 1300 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया. ‘धुरंधर 2’ और भी बड़े कीर्तिमान स्थापित करेगी. फिल्म की सफलता का एक बड़ा कारण इसकी तगड़ी स्टारकास्ट और उनका स्वैग रहा. अक्षय खन्ना की एक्टिंग ने जहां सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटी, वहीं संजय दत्त ने एक सख्त पुलिस अफसर बनकर फिल्म में चार चांद लगा दिए. राकेश बेदी के मजेदार पॉलिटिशियन वाले किरदार और आर माधवन की संजीदगी ने कहानी को बैलेंस किया, तो दूसरी तरफ अर्जुन रामपाल ने खूंखार विलेन बनकर रणवीर को कड़ी टक्कर दी. शाश्वत सचदेव के धांसू म्यूजिक ने थिएटर में ऐसा माहौल बनाया कि लोग झूमने पर मजबूर हो गए. दिलचस्प बात यह है कि मिडिल ईस्ट में बैन होने के बावजूद यह फिल्म वहां इतनी पॉपुलर हुई कि आर माधवन के मुताबिक, दुबई से कई फैंस तो सिर्फ यह फिल्म देखने के लिए स्पेशल फ्लाइट लेकर भारत आए थे.
19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर उठेगा बवंडर!
लोगों की नजर अब 19 मार्च को ईद के मौके पर रिलीज होने वाली ‘धुरंधर 2’ पर टिकी हैं, जिसका ट्रेलर देखकर फैंस अपना रोमांच छिपा नहीं पा रहे हैं. हालांकि, फिल्म के सामने एक बड़ी चुनौती भारतीय सेंसर बोर्ड (CBFC) की है. दरअसल, फिल्म की प्री-बुकिंग विदेशों में तो शुरू हो गई है, लेकिन भारत में अभी तक इसे सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिला है. हाल के दिनों में ‘जन नायकन’ और ‘परासक्ति’ जैसी फिल्मों को सेंसर बोर्ड के कट्स और देरी की वजह से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. चूंकि पहली फिल्म के हिंसक सीन्स को लेकर काफी चर्चा हुई थी, इसलिए अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सीक्वल को बिना किसी बड़े बदलाव के हरी झंडी मिलती है या नहीं.
