0 स्थानीय निवासियों ने निर्देशक से विकास के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये देने की उठाई मांग
मुंबई : आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज 10 दिनों के भीतर फिल्म ने दुनियाभर में 1200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। कुल वैश्विक कमाई 1226.44 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 930.44 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 778.77 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। 10वें दिन शनिवार को फिल्म ने 62.85 करोड़ रुपये की कमाई कर अपनी सफलता को और मजबूत किया।
फिल्म की कहानी पाकिस्तान के ल्यारी इलाके पर आधारित है, जहां दो गैंग के बीच दुश्मनी और सत्ता संघर्ष को दिखाया गया है। इसी बीच अब ल्यारी के स्थानीय लोगों ने फिल्म की कमाई को लेकर अपनी मांग सामने रखी है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में ल्यारी के निवासियों ने कहा कि फिल्म ने उनके इलाके की कहानी और हालात को दिखाकर भारी कमाई की है, इसलिए इस कमाई का बड़ा हिस्सा वहां के विकास पर खर्च किया जाना चाहिए। कुछ लोगों ने मांग की कि फिल्म की कमाई में से करीब 500 करोड़ रुपये दिए जाएं, ताकि सड़कों और बुनियादी सुविधाओं का निर्माण हो सके।
वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि यदि फिल्म ने हजारों करोड़ कमाए हैं तो उसका आधा हिस्सा ल्यारी के विकास में लगाया जाना चाहिए। वहीं, अन्य लोगों ने 70 से 80 प्रतिशत तक हिस्सेदारी की मांग करते हुए कहा कि फिल्म की सफलता उनके इलाके की छवि और परिस्थितियों पर आधारित है, इसलिए वहां की जनता को इसका लाभ मिलना चाहिए।
हालांकि, फिल्म निर्माताओं की ओर से इस मांग पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
