नई दिल्ली,11 फरवरी : अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर देश के किसान और व्यापार संघ लामबंद हो गए हैं। बुधवार, 12 फरवरी 2026 को ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों (SKM, AIKS) ने ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है। नए श्रम कानूनों और अन्य विधेयकों के विरोध में बुलाई गई इस देशव्यापी हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिल सकता है।
यहाँ जानिए कल क्या खुला रहेगा और क्या बंद?
बैंकिंग सेवाओं पर बड़ा असर
ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन (AIBEA) समेत कई बड़े संघों ने हड़ताल का समर्थन किया है। SBI ने स्पष्ट किया है कि 12 फरवरी को कामकाज कुछ हद तक प्रभावित हो सकता है। बैंक जाने के बजाय डिजिटल माध्यम (Net Banking/UPI) का उपयोग करें। बैंक आधिकारिक तौर पर बंद नहीं हैं, लेकिन कर्मचारियों की कमी से काम रुक सकता है।
छात्र और अभिभावक ध्यान दें
देशभर में स्कूल-कॉलेज बंद करने का कोई केंद्रीय आदेश नहीं है। हालांकि, परिवहन बाधित होने या स्थानीय संगठनों के दबाव के चलते कई निजी संस्थान छुट्टी घोषित कर सकते हैं। अपने स्कूल या कॉलेज के आधिकारिक ग्रुप या नोटिस को जरूर चेक करें।
यात्रा को लेकर सावधानी
किसान संगठनों ने चक्का जाम की चेतावनी दी है। हाईवे और प्रमुख सड़कों पर प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित हो सकता है। यदि आपकी यात्रा तय है, तो निर्धारित समय से 2-3 घंटे पहले निकलें।
क्यों बुलाया गया है ‘भारत बंद’? (प्रमुख मांगें)
श्रम संहिताएं: 29 श्रम कानूनों के बदले लागू की गई 4 नई संहिताओं को रद्द करने की मांग।
निजीकरण पर रोक: सरकारी संस्थानों के निजीकरण का विरोध।
अन्य विधेयक: विद्युत संशोधन विधेयक और बीज विधेयक के मसौदे को वापस लेने की मांग।
मनरेगा: मनरेगा (MGNREGA) को प्रभावी रूप से बहाल करने की मांग।
