मुंगेली, 11 दिसंबर (वेदांत समाचार) । जिले में लगातार बढ़ते सड़क हादसों पर नियंत्रण पाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने लोरमी पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए दो दिनों में 77 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। अभियान पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर चलाया गया।
एसपी की प्राथमिकताओं में सुरक्षित यातायात और दुर्घटनाओं की रोकथाम शीर्ष पर है। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी लोरमी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस ने 09 और 10 दिसंबर को कड़ा चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, प्रेशर हॉर्न के उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और अन्य मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया गया। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 77 ड्राइवरों के खिलाफ चालान काटा गया।
एसपी भोजराम पटेल ने स्पष्ट अपील की है कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन न चलाने दें। नाबालिग ड्राइविंग पर अभिभावकों के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोपहिया चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट लगाने तथा ओवरस्पीडिंग से बचने की सलाह दी।
पुलिस ने कहा है कि सुरक्षित यातायात हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है, और यह विशेष अभियान लोरमी क्षेत्र में आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
अभियान को सफल बनाने में लोरमी थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



