Vedant Samachar

कोरबा: उल्लास महापरीक्षा में 55 बंदियों ने बढ़ाया साक्षरता की ओर कदम, जिलेभर में 17,305 लोगों की भागीदारी

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 22 मार्च 2026। ‘उल्लास – नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत आयोजित बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान आकलन परीक्षा में कोरबा जिला जेल के 30 एवं कटघोरा उपजेल के 25 बंदियों सहित कुल 55 बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बंदियों ने साक्षर बनने की दिशा में आगे बढ़ते हुए महापरीक्षा में हिस्सा लेकर शिक्षा के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की।

यह महापरीक्षा रविवार को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक जिले के सभी प्राथमिक शालाओं में आयोजित की गई। साक्षरता विभाग द्वारा इस बार विशेष पहल करते हुए जेल के बंदियों को भी इसमें शामिल किया गया, जिससे उनमें शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

जेल प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित इस परीक्षा में बंदियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। जिला परियोजना अधिकारी ज्योति शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के प्रयास बंदियों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक सिद्ध होंगे।

जिलेभर में इस महापरीक्षा में कुल 17,305 लोगों ने भाग लिया। 15 से 75 वर्ष आयु वर्ग के असाक्षर लोगों ने अपने दैनिक कार्यों को छोड़कर परीक्षा में शामिल होकर साक्षर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया। कई स्थानों पर पारिवारिक सहभागिता भी देखने को मिली, जहां देवर-भाभी, सास-बहू और पति-पत्नी एक साथ परीक्षा देते नजर आए। विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा में एक दंपति अपने बच्चों के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचे और परीक्षा में शामिल हुए।

जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर भारद्वाज तथा जिला साक्षरता अधिकारी ज्योति शर्मा ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

जिला प्रशासन ने बंदियों की भागीदारी की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की बात कही है।

Share This Article