Vedant Samachar

33 विप्र महिलाओं का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 22 मार्च 2026। वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन छत्तीसगढ़ एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में “महिला शिखर सम्मान” एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 33 विप्र महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही है और समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द ओझा एवं महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा ने बताया कि शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, समाजसेवा, कला, संस्कृति और पर्यावरण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 33 महिलाओं को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा प्रस्तुत जस-गीत, भजन, कविता पाठ तथा एकल एवं सामूहिक नृत्य ने माहौल को जीवंत बना दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाली प्रतिभागियों को भी सम्मान पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुणनिधि मिश्रा, युवा अध्यक्ष अविनय दुबे, प्रदेश महासचिव डॉ. सुनील कुमार ओझा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। मंच संचालन नमिता शर्मा एवं अरविन्द ओझा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अविनय दुबे ने किया।

Share This Article