CG CRIME : विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला

भिलाई। दुर्ग में दो सगे भाइयों को बीच उभरा विवाद जान लेने तक पहुंच गया। नशे की हालत में बड़े भाई ने बांस के डंडे से छोटे भाई को इतना मारा कि वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के बीच पुराना मकान बेचने को लेकर विवाद था।

वैशाली नगर टीआई वीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी विकास सिंह उर्फ लक्की (29 वर्ष) अपने छोटे भाई आकाश सिंह (26 वर्ष) और बूढ़े माता पिता के साथ राजीव नगर गली नंबर एक में रहता था। यह लोग मूलतः पंजाब के रहने वाले हैं। कई वर्षों से यहां रह रहे हैं। विकास और आकाश ट्रांसपोर्ट नगर में ड्राइवर का काम करते थे और आदतन शराबी थे। इनके बीच पुराना मकान बेचने को लेकर आए दिन विवाद होता था।

आकाश अपने तरीके से मकान बेचना चाहता तो विकास अपने तरीके से। वहीं माता पिता मकान बेचने को लेकर तैयार नहीं थे। शुक्रवार देर रात दोनों शराब के नशे में घर पहुंचे और मकान बेचने के मुद्दे पर झगड़ा करने लगे। इस पर विकास उठा और बांस के डंडे से आकाश के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। उसने आकाश के सिर और चेहरे पर लगभग 8-10 वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। आसपास के लोग चींख पुकार सुनकर पहुंचे और आकाश को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।

टीआई वीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद विकास मौके से भाग गया था। वह मोबाइल भी नहीं रखता था तो उसे खोजना बड़ा कठिन था। इसी दौरान किसी ने बताया कि उसे ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ जाते देखा गया है। पुलिस ने समय रहते घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया, पुलिस ने बताया कि आरोपी पंजाब भागने की फिराक में था।