Vedant Samachar

कोरबा में जिला स्तरीय महिला योग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, आकर्षक प्रस्तुतियों ने जीता सभी का मन

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 07 दिसंबर 2025। कोरबा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता 2025 (महिला वर्ग) का आयोजन रविवार को गीतांजलि भवन, पुराना बस स्टैंड कोरबा में उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं के साथ महिला पतंजलि समूह ने आकर्षक योगासन प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन मौजूद रहे। कार्यक्रम में कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, प्रमोद अग्रवाल, संजय कुर्मीवंशी, दुर्गेश राठौर, सचिन विश्वकर्मा तथा एसोसिएशन की सदस्याओं सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने योग के महत्व पर बोलते हुए कहा कि तेज रफ्तार जीवनशैली में योग हर उम्र के लोगों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से मन, शरीर और आत्मा का संतुलन साधा जा सकता है। उन्होंने एसोसिएशन द्वारा ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे आम जनता योग के लाभों से अधिक परिचित हो सके।

मुख्य अतिथि मंत्री लखन लाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि योग का महत्व आदिकाल से रहा है और प्राचीन ऋषि-मुनि भी विभिन्न रोगों के उपचार में योग को साधन बनाते थे। उन्होंने बताया कि आधुनिक विज्ञान भी योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत प्रभावी मानता है।
मंत्री देवांगन ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है, जिसका परिणाम है कि आज पूरा विश्व 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाता है। यह भारत की प्राचीन संस्कृति को विश्व मंच पर प्रतिष्ठित करने वाला कदम है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ती है और युवा प्रतिभाओं को अपनी योग क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और उपस्थित अतिथियों व नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

Share This Article