Vedant Samachar

जशपुर में भीषण सड़क हादसा: I-20 कार ट्रेलर से टकराई, एक ही गांव के पाँच लोगों की दर्दनाक मौत

Vedant samachar
2 Min Read

जशपुर ,07 दिसंबर (वेदांत समाचार)। जिले से बीती रात एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना की खबर सामने आई है। दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली के पास CG 10 AD 7771 नंबर की I-20 कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर ट्रक से जोरदार टकरा गई। इस भयावह हादसे में कार सवार पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार जशपुर की ओर आ रही थी। रात के समय कम दृश्यता के बीच सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को कार चालक देख नहीं सका और तेज रफ्तार में वाहन सीधे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे सभी लोगों ने वहीं दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलदुला भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई है।

प्रारंभिक जांच में सभी मृतक चराईडाँड़ क्षेत्र के निवासी और एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों और परिजनों में दुर्घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दु:ख देखा जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article