एलिमिनेटर और क्वालीफायर-1 के मुकाबले पूरे
कवर्धा ,01दिसंबर (वेदांत समाचार)। प्रयास स्पोर्ट्स अकैडमी द्वारा आयोजित प्रथम कवर्धा प्राइवेट स्कूल टीचर्स टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिवस के मुकाबले रविवार, 30 नवंबर को छीरपानी कॉलोनी मैदान में खेले गए। टूर्नामेंट 16 नवंबर से शुरू हुआ है और हर रविवार सुबह 9 से 12 बजे तक मैच जारी हैं।
एलिमिनेटर: अशोका पब्लिक स्कूल ने गुरुकुल पब्लिक स्कूल को हराया
दिन के पहले मुकाबले में गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 78 रन बनाए। कप्तान ऋषभ ने मजबूत पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अशोका पब्लिक स्कूल ने संयमित और जिम्मेदार बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की। मनीष वर्मा, शैलेंद्र वर्मा, मनीष निषाद और योगेश ने टीम को जीत दिलाई। गेंदबाज़ी में ज्योतिष साहू, गोपाल वर्मा, मयंक जोशी और योगेश वर्मा ने प्रभाव छोड़ा। इस जीत के साथ अशोका पब्लिक स्कूल क्वालीफायर-2 में पहुंच गया।
क्वालीफायर-1: अभ्युदय स्कूल ने RPS को 10 रन से हराया
दूसरे मुकाबले में RPS ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, लेकिन अभ्युदय स्कूल के बल्लेबाज विपिन वैध ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। उन्होंने 10 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 70 रन की नाबाद पारी खेली और टीम का स्कोर 105 रन तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए RPS की टीम 95 रन ही बना सकी और 10 रन से मुकाबला हार गई। अभ्युदय स्कूल की तरफ से दिलीप, अमित और प्रतीक ने कसी हुई गेंदबाजी की। इस जीत के साथ अभ्युदय स्कूल ने सीधा ग्रैंड फाइनल में प्रवेश किया।
अब होगा क्वालीफायर-2
7 दिसंबर को क्वालीफायर-2 में RPS और अशोका पब्लिक स्कूल आमने सामने होंगे। इस मैच की विजेता टीम 14 दिसंबर को ग्रैंड फाइनल में अभ्युदय स्कूल से भिड़ेगी।
प्रयास स्पोर्ट्स अकैडमी के सचिव राजा जोशी ने कहा कि अब तक हुए सभी मैच रोमांच से भरे रहे और खिलाड़ियों ने आखिरी गेंद तक संघर्ष किया।
मीडिया प्रभारी अशोक कुमार इनवाती ने बताया कि यह टूर्नामेंट निजी विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एक उत्साहजनक मंच बन रहा है जहाँ वे अपनी प्रतिभा को सामने ला पा रहे हैं।



