रायगढ़, 01 दिसंबर (वेदांत समाचार)। थाना छाल क्षेत्र के ग्राम गंजाईपाली में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बीट गार्ड यादराम अजगल्ले ने अपनी पत्नी सोनतला अजगल्ले (31 वर्ष) की लकड़ी के डंडे से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना की सूचना 30 नवंबर की सुबह छाल पुलिस को मिली, जिसके बाद एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के निर्देश पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ग्राम कुडूमकेला निवासी एवं परिक्षेत्र सहायक बनहर द्रोण डनसेना ने बताया कि उन्हें ग्राम बनहर से सूचना मिली थी कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान यादराम ने गुस्से में लकड़ी से हमला कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
छाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और तत्परता से आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में यादराम ने स्वीकार किया कि 29 नवंबर की रात खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने बांस के डंडे और लकड़ी फारा से वार किए। वार गंभीर होने के कारण पत्नी की मौत हो गई।
थाना छाल ने आरोपी यादराम अजगल्ले (38 वर्ष) के खिलाफ अपराध क्रमांक 262/2025 धारा 103(12) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। घटना में प्रयुक्त डंडा सहित अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कार्रवाई में छाल प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मदन पटले, सहायक उपनिरीक्षक शिव खरे, प्रधान आरक्षक शंकर क्षत्रीय, शंभू प्रसाद पाण्डेय, आरक्षक सतीश जगत और अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



