धान खरीदी केन्द्रों में अच्छी व्यवस्था बढ़ी संख्या में पहुंच रहे किसान

दुर्ग 03 दिसम्बर(वेदांत समाचार)। जिले में धान खरीदी शुरू हो गई है। धान खरीदी केन्द्रों में व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारी निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पाटन ब्लाक के धान खरीदी केन्द्रों में भी धान खरीदी सुचारू रूप से चल रही है। ग्राम जामगांव एम के धान खरीदी केन्द्र में 235 किसानों को धान खरीदी के लिए टोकन दिया गया था, जिसके मुताबिक धान खरीदी की जा रही है। ग्राम तर्रा में 523 किसानों तथा ग्राम फुण्डा में 101 किसानों को टोकन दिया गया। किसानों से बात करने पर किसान ग्राम जामगॉव एम के सुशील कुमार चंद्राकर ने बताया कि उन्होंने 179 बोरा धान बेचा है, शीघ्र ही 45 बोरे और बेचेंगे। ओंकार प्रसाद ग्राम अम्लीडीह ने 166 बोरा धान बेचा। उन्होंने बताया कि खरीदी केन्द्र में अच्छी व्यवस्था की गई है। यहां आज के ग्राम तर्रा, रवेली, राखी, गभरा, लोहरसिंह के किसानों ने अपने धान बेचे। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों संभाग स्तरीय बैठक आयोजित हुई थी। इस बैठक में धान संबंधी सभी मापदंडों के पालन के निर्देश के मानिटरिंग के निर्देश दिए गए थे, इसके मुताबिक सभी केन्द्रों में पर्याप्त व्यवस्था की गई।