Vedant Samachar

घरेलू काम बच्चों से करवाते थे हेडमास्टर जी, सस्पेंड…

Vedant samachar
3 Min Read

जशपुर,28नवंबर (वेदांत समाचार)। शराब पीकर स्कूल आने वाले, छात्राओं से अश्लीलता पूर्ण तरीके से बातचीत कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले और विद्यालय के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों से अपशब्दों का प्रयोग और गाली गलौज करने वाले प्रधान पाठक को निलंबित किया गया है। प्रधान पाठक पर आरोप है कि छात्राओं के उत्पीड़न के अलावा वह उन्हें घर बुलाकर काम भी करवाते थे तथा उनसे कपड़े भी धुलवाते थे। प्रधान पाठक गणेश राम चौहान के खिलाफ स्कूल की शिक्षिकाओं को भी बस्तर ट्रांसफर करवाने की धमकी देने का आरोप है। मामले में छात्राओं की लिखित शिकायत के बाद जांच भी हो चुकी थी।

जांच रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बावजूद एक पखवाड़े तक कार्यवाही नहीं होने से आक्रोश बढ़ रहा था। जिसके चलते अब प्रधान पाठक के निलंबन की कार्यवाही की गई है। जशपुर जिले के अंतिम छोर में पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत सुरंगपानी स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक गणेश राम चौहान पर दो दर्जन से अधिक नाबालिग आदिवासी छात्राओं ने उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया था। शिक्षिकाओं से दुर्व्यवहार शराब के नशे में विद्यालय आने की भी शिकायत हुई थी। संस्था में अध्ययनरत छात्राओं द्वारा की गई लिखित शिकायत और बयानों में रोंगटे खड़े कर देने वाले तथ्य सामने आए थे।

पीड़ित दर्जनों छात्राओं व इसके साथ ही वहां पदस्थ दो महिला शिक्षिकाओं ने भी दुर्व्यवहार व मानसिक रूप से आहत करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर बालिकाओं सहित शिक्षिकाओं ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरंगपानी के प्राचार्य तुलाराम दिनकर को लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी व पत्थलगांव ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने लिखित शिकायत पत्र जारी किया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीईओ ने टीम गठित कर इसकी जांच की ।

जांच टीम ने बालिकाओं सहित संस्था की महिला शिक्षिकाओं का बयान लिया। बालिकाओं ने अपने बयान में बताया हैं कि प्रधान पाठक गणेश राम चौहान अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं। अध्यापन के दौरान वे शिक्षा देने के बजाए टिप्पणियां कर दुर्व्यवहार करते हैं। आरोप यह भी है कि प्रधान पाठक छात्राओं को अपने घर बुलाकर उनसे कपड़े साफ कराते हैं। इतना ही नहीं, विरोध करने या बात न मानने पर उन्हें स्कूल में ही दुर्व्यवहार किया जाता है। वहीं छात्रों ने भी दिए बयान में बताया कि प्रधान पाठक गणेश राम चौहान शराब के नशे में धुत होकर क्लास लेने आते है। उनके मुंह से शराब की गंध आती हैं। कुछ बात करने पर उल्टा धमकाते है।

Share This Article