Vedant Samachar

राष्ट्रपति पुतिन 4-5 दिसंबर को भारत दौरे पर, PM मोदी के साथ और किससे मिलेंगे, जानें सब कुछ

Vedant samachar
2 Min Read

रूस,28नवंबर : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 4 और 5 दिसंबर को भारत के स्टेट विजिट पर आने वाले हैं। रूसी सरकारी न्यूज एजेंसियों द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस महत्वपूर्ण दौरे में तेल आयात, रक्षा सहयोग और द्विपक्षीय व्यापार जैसे प्रमुख मुद्दों पर व्यापक बातचीत होने की संभावना है।

पुतिन के इस दौरे की रूपरेखा अगस्त में स्पष्ट हुई थी जब राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मॉस्को गए थे। हालांकि उस समय तारीखों की घोषणा नहीं की गई थी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन की मुलाकात शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट के दौरान चीन में हुई थी।

विदेश मंत्रालय ने इस सप्ताह पुष्टि की कि पुतिन भारत और रूस के बीच 23वें सालाना समिट में शामिल होने के लिए भारत आएंगे। मंत्रालय ने शुक्रवार को आधिकारिक रूप से कहा कि यह स्टेट विजिट 4 और 5 दिसंबर को आयोजित होगी।

दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु, व्लादिमीर पुतिन का स्वागत करेंगी और उनके सम्मान में राष्ट्रपति भवन में दावत का आयोजन किया जाएगा। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन के बीच विस्तृत वार्ता होगी, जिसमें रक्षा सहयोग, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श शामिल होगा।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह मुलाकात दोनों देशों के संबंधों में हासिल प्रगति की समीक्षा करने, ‘स्पेशल एंड प्रिविलेज्ड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ को और मजबूत बनाने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर साझेदारी को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी। यह दौरा भारत-रूस संबंधों को नई दिशा देने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

Share This Article