Vedant Samachar

सलौनीकला स्कूल लापरवाही मामले में जांच पूरी, बड़ी कार्रवाई की संभावना…

Vedant samachar
3 Min Read

बिलाईगढ़,28नवंबर (वेदांत समाचार) । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलौनीकला में प्राचार्य की गंभीर लापरवाही वाले मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जिला शिक्षाधिकारी द्वारा बनाई गई जांच टीम ने अपनी जांच पूरी कर ली है। यह वही मामला है जिसमें साइकिल वितरण के दौरान बच्चों को साइकिलों से भरा ट्रैक्टर चलाते देखा गया था। बच्चों द्वारा ट्रैक्टर में साइकिल लोड करते और उसे स्कूल तक ले जाते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जो कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय चैनलों, सोशल मीडिया और अखबारों में सुर्खियों में रहा।

जांच में सामने आई सच्चाई
जांच टीम ने बच्चों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन से हर पहलू पर पूछताछ की। पूछताछ में बच्चों ने माना कि उन्होंने ही ट्रैक्टर स्कूल तक चलाकर लाया था। प्रभारी प्राचार्य ने भी अपनी गलती स्वीकार की है। बयानों और तथ्यों के आधार पर जांच दल ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बड़ी कार्रवाई की संभावना
अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस घटना पर कड़ी कार्रवाई तय है। शिक्षा विभाग ऐसी कार्रवाई कर सकता है जो अन्य स्कूलों के लिए सबक बने। इस घटना ने सुरक्षा प्रोटोकॉल पर कई सवाल खड़े किए हैं और विभाग पर दबाव भी बढ़ा है कि वह स्पष्ट और सख्त कदम उठाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र की जान जोखिम में न पड़े।

राजनीतिक दखल की चर्चा भी तेज
इस बीच क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि कुछ राजनीतिक लोग दोषियों को बचाने की कोशिश कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो जनता का भरोसा शिक्षा विभाग के अधिकारियों से उठ सकता है और मामले की गंभीरता कम हो जाने का खतरा रहेगा। इससे अन्य स्कूलों को भी सही संदेश नहीं मिल पाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी रहेगी।

अब नजर उच्च अधिकारियों पर
जांच रिपोर्ट भेजी जा चुकी है और अब सबकी नजर उच्च अधिकारियों के फैसले पर है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वे वास्तव में कड़ा एक्शन लेते हैं या मामला औपचारिक कार्रवाई में सीमित रह जाता है।

Share This Article