Vedant Samachar

छत्तीसगढ़ में रफ्तार पकड़ने लगी धान खरीदी, 14 हजार से ज्यादा किसानों को 104 करोड़ रुपये का भुगतान

Vedant samachar
2 Min Read

बालोद, 27 नवम्बर (वेदांत समाचार)। जिले में धान खरीदी की गति अब लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे किसान बिना किसी परेशानी के समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेच पा रहे हैं। इसकी मुख्य वजह जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की ताबड़तोड़ निगरानी है, जिसके चलते लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है और खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं।

खरीदी आंकड़ा 6.37 लाख क्विंटल पार
बालोद जिले में 143 धान खरीदी केंद्रों पर विक्रय की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। एक ओर किसान धान की कटाई और मिंजाई के बाद टोकन के माध्यम से उपार्जन केंद्रों तक पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि उन्हें कोई परेशानी न हो। बुधवार तक जिले में 14,296 किसानों से कुल छह लाख 37 हजार 142 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसकी कुल राशि 151 करोड़ 57 लाख 14 हजार 6 रुपये है।

सीसीबी नोडल चिंता राम रावटे के अनुसार, इसमें से ऋण वसूली के बाद 104 करोड़ 99 लाख 4 हजार 448 रुपये सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। आज गुरुवार को भी 2,497 किसानों को टोकन जारी किया गया है, जिनसे एक लाख 15 हजार 946 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी।

कलेक्टर की निगरानी से सुनिश्चित हुई सुगम व्यवस्था
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा स्वयं निरंतर धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रही हैं और व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। उनकी सक्रिय मॉनिटरिंग के चलते, केंद्रों पर समय पर धान खरीदी, तौल और परिवहन सुनिश्चित हो रहा है। लापरवाह अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई से खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति बनी हुई है। किसानों को टोकन और विक्रय में किसी प्रकार की समस्या नहीं उठानी पड़ रही है, जिससे उन्हें इस साल बेहतर और सुगम अनुभव मिल रहा है।

Share This Article