घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल – vedantsamachar.in

घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

सक्ति, 06मई (वेदांत समाचार)। सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में महिला के घर में घुसकर दुष्कर्म करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पीड़िता ने 21 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसका पति बाहर काम करता है और वह घर में अकेली रहती थी। इसी का फायदा उठाकर ग्राम अमेरा डीह निवासी शिवकुमार कुर्रे (25) पिछले एक महीने से उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।

पीड़िता के अनुसार, 17 नवंबर की रात आरोपी जबरन घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत बीएनएस की धारा 64(1), 296, 351(3) और 331(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने उसकी तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी के घर में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। 4 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक आदित्य सिंह और आरक्षक सेतराम पटेल की अहम भूमिका रही।