एडमिरल आर हरि कुमार ने संभाला भारतीय नौसेना के नए प्रमुख का पदभार…

नई दिल्ली 30 नवंबर (वेदांत समाचार)। एडमिरल आर. हरि कुमार ने 30 नवंबर को भारतीय नौसेना के नए प्रमुख का पदभार संभाल लिया है। वो एडमिरल करमबीर सिंह की जगह लेंगे। 9 नवंबर को एडमिरल आर हरि कुमार को भारतीय नौसेना के प्रमुख के रूप में नामित किया गया था। एडमिरल करमबीर सिंह 30 नवंबर को रिटायर हो जाएंगे।

वाइस एडमिरल कुमार का जन्म 12 अप्रैल, 1962 को हुआ था। 1 जनवरी, 1983 को आर हरि कुमार को नौसेना की कार्यकारी शाखा में कमीशन दिया गया था। लगभग 39 साल की अपनी लंबी और विशिष्ट सेवा के दौरान, उन्होंने कमांड, स्टाफ और कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर काम किया। वाइस एडमिरल कुमार आज नौसेनाध्यक्ष बन जाएंगे।

वाइस एडमिरल हरि कुमार की समुद्री कमान में आईएनएस निशंक, मिसाइल कोरवेट आईएनएस कोरा और गाइडेड मिसाइल विध्वंसक आईएनएस रणवीर शामिल हैं। उन्होंने भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विराट की कमान भी संभाली। वाइस एडमिरल हरि कुमार ने पश्चिमी बेड़े के संचालन अधिकारी के रूप में काम किया।

वाइस एडमिरल हरि कुमार ने नेवल वॉर कॉलेज, यूएस, आर्मी वॉर कॉलेज, महू और रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज, यूके से कोर्स किया है। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से अलंकृत किया गया है।