छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में बढ़ी ठंड, छाने लगा कोहरा, मैदानी भागों में भी गिरा पारा

रायपुर। प्रदेश में हवा का रुख बदलने ही मौसम का मिजाज भी बदलने लगा है। इस सीजन में प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। खासकर प्रदेश के उत्तरी इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरने के कारण यहां कोहरा छाने लगा है और मैदानी भागों में भी पारा गिरने के कारण ठंड का एहसास अधिक हो रहा है। मौसम विभाग ने सर्दी से बचाव करने के लिए प्रशासन को सतर्क किया है।

प्रदेश में रात का पारा गिरने से अब ठंड बढ़ने लगी है। विशेषकर आउटर क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा हो रहा है। सोमवार को राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम तापमान भी रायपुर का 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं प्रदेश भर में कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पेन्ड्रा का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 30 नवंबर मंगलवार को मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके साथ ही उत्तरी भाग में कोहरा छाया रहेगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में अब ठंडी हवाएं आ रही है। इसका प्रभाव की देखा जा रहा है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में उत्तर से शुष्क और ठंडी हवा आ रही है। इसके प्रभाव के चलते ही मंगलवार को मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने कहा कि अब न्यूनतम तापमान में गिरावट का रुख खत्म होगा। उत्तरी भाग में कुछ क्षेत्रों में कोहरा भी छाया रहेगा।