नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट स्टार स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल की शादी अचानक स्थगित कर दी गई है। खबर है कि वेडिंग सेरेमनी से पहले स्मृति के पिता को हार्ट अटैक आया, जिसके चलते परिवार ने स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शादी की तारीख टालने का फैसला किया। दरअसल, भारतीय क्रिकेट स्टार स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल की शादी आज 23 नवंबर को धूमधाम से होने वाली थी। समारोह में कई नामी हस्तियां और दोनों परिवारों के करीबी लोग मौजूद थे। सब तैयार थे कि तभी एम्बुलेंस की सायरन की आवाज ने पूरे वेन्यू का माहौल बदल दिया और शादी स्थगित हो गई।
स्मृति मंधाना के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने बताया कि पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण शादी अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई है। उन्होंने बताया कि सुबह नाश्ते के दौरान स्मृति के पिता की सेहत अचानक खराब हो गई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा।स्मृति अपने पिता के बेहद करीब हैं, इसलिए उन्होंने तय किया कि पिता की सेहत सही होने तक शादी को टाल दिया जाए। मैनेजर ने सभी से अपील की है कि इस समय परिवार को अकेला रहने दिया जाए।
हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीता था, जिसमें स्मृति मंधाना का अहम योगदान रहा। इसके बाद स्मृति और पलाश की प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। पिता की अचानक तबियत बिगड़ने से शादी की सारी तैयारियों पर पानी फिर गया।



