Chhattisgarh : कांग्रेस के इस वरिष्ठ नेता को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में 15 नगरीय निकायों में चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक दलों की हलचल तेज हो गई है। प्रदेश में सत्तासीन कांग्रेस पार्टी ने इसकी तैयारियां भी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में वरिष्ठ नेता व मंत्री मोहम्मद अकबर को चुनाव घोषणा पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।

मो. अकबर की अध्यक्षता में गठित 12 सदस्यीय समिति इन निकायों में विकास कार्यों का ढांचा तैयार कर तथा पार्टी के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जल्द ही घोषणा पत्र तैयार करेगी। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि निकाय चुनाव की घोषणा के बाद से ही कांग्रेस संगठन ने चुनाव कार्यक्रम बनाने की कवायद तेज कर दी थी। प्रदेश में पिछली बार 10 प्रमुख निकायों में कांग्रेस ने जिस तरह से तत्कालीन भाजपा को कड़ी पटखनी देते हुए एकतरफा जीत दर्ज किया था, उसे बरकरार रखने के उद्देश्य से कांग्रेस ने अभी से तैयारियां तेज कर दी है।

वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में मंथन का दौर जारी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में संपन्न हुई बैठक में वरिष्ठ नेता मो. अकबर को इस बार चुनाव घोषणा पत्र बनाने की महती जिम्मेदारी दी गई है।

12 सदस्यी घोषणा पत्र समिति संबंधित निकायों के लिए घोषणा पत्र का मसौदा तैयार करेगी। समिति में तीन अन्य कैबिनेट मंत्रियों को भी शामिल किया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की घोषणा पत्र समिति नगरीय निकायों में राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विशेष रूप से फोकस करते हुए संबंधित निकायों में कामकाज का विजय तैयार करेगी।