जांजगीर-चांपा में सीरियल चोरी का खुलासा: मधईपुर में चार घरों में वारदात करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद – vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में सीरियल चोरी का खुलासा: मधईपुर में चार घरों में वारदात करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

जांजगीर-चांपा, 5 मई (वेदांत समाचार)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मधईपुर में हुई सिलसिलेवार चोरी की चार बड़ी घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके कब्जे से लाखों रुपए मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, नगदी सहित अन्य कीमती सामान बरामद किए गए हैं।

यह पूरी कार्रवाई प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस मामले में अहम भूमिका निभाई।

घटना 2 से 3 मई 2026 की दरम्यानी रात की है, जब अज्ञात चोरों ने मधईपुर गांव के चार अलग-अलग घरों को निशाना बनाया। चोरों ने घरों में घुसकर अलमारी और पेटियों में रखे कीमती जेवर, नगदी और अन्य सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए।

पहली घटना में संतराम रात्रे के घर से चांदी के पायल और सोने का लॉकेट चोरी किया गया। दूसरी घटना में रवि शंकर रात्रे के घर से चांदी के पायल, मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट और नगदी पार कर दी गई। तीसरी घटना में रेशम लाल रात्रे के सूने मकान का ताला तोड़कर बिछिया, सोने के आभूषण, कांस-पीतल के बर्तन और नगदी चोरी की गई। वहीं चौथी घटना में विजय कुमार के घर से एलईडी टीवी, मोबाइल, चांदी के सिक्के, पायल, सोने के जेवर और नगदी चोरी हुई।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया और जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान की। इसके बाद अमृत पटेल, उत्तम पठारे और तुलसी पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि वे पल्सर मोटरसाइकिल से गांव पहुंचे थे और सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के आभूषण, नगदी, पीतल-कांस के बर्तन, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन सहित चोरी का बड़ा माल बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक चाकू भी जब्त किया गया है।

गौरतलब है कि मुख्य आरोपी अमृत पटेल थाना सक्ती क्षेत्र का निगरानी बदमाश है, जिसके खिलाफ पहले से ही चोरी का मामला दर्ज है और वह फरार चल रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(a), 112(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आज मंगलवार को उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उप निरीक्षक कौशल सिदार, रामदुलार साहू, सुनील टैगोर, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, नवीन सिंह, सहेत्तर पाटले सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों का सराहनीय योगदान रहा।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता को लेकर विश्वास बढ़ा है और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर भी लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।