मां ने बेटी को फंदे पर लटकाकर खुद भी लगाई फांसी

आलीराजपुर 25 नवंबर (वेदांत समाचार)।  जोबट थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 23 वर्षीय एक विवाहिता ने पहले अपनी एक साल की बेटी को फंदे पर लटकाया, इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। पति जब घर लौटा तो दोनों को फंदे पर लटका देख बदहवास हो गया। उसने तत्काल आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। खुदकुशी का कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रहे हैं।

जोबट थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी ने बताया कि घटना 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम भील खेड़ी की है। बुधवार को यहां 23 वर्षीय महिला रंगिता पति राकेश अपनी 1 साल की बेटी वर्षा के साथ घर पर थी। इस दौरान पति राकेश जोबट में मजदूरी करने गया था। सास सब्जियां बेचने के लिए बाजार गई थी। शाम करीब 6 बजे राकेश घर लौटा तो उसे पत्नी और बेटी के शव घर के भीतर फंदे पर लटके मिले।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम यहां पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी सोलंकी के अनुसार फिलहाल खुदकुशी का कारण सामने नहीं आ सका है। स्वजन अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पीएम के बाद स्वजन को शव सौंप दिए गए हैं।

गांव में पसरा मातम

घटना से गांव में मातम पसरा है महिला द्वारा आत्मघाती कदम क्यों उठाया गया, यह कोई भी ग्रामीण नहीं समझ पा रहा है। उसका पति भी बार-बार यही कह रहा है कि उसने ऐसा क्यों किया। कुछ भी समझ नहीं आ रहा है। घर में सब कुछ ठीक चल रहा था।