वैक्सीन के लिए जागरूक करने गई आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को 2 युवकों ने लाठी से पीटा…

मध्यप्रदेश 24 नवंबर (वेदांत समाचार)। धावडीया-खो गांव में वैक्सीन लगवाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने गई आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के साथ मारपीट हुई है। शराब के नशे में चूर दो लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाने की बात पर महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए डंडे से पीटा। जान बचाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने खेत में दौड़ लगा दी। इस दौरान उसने आरोपियों का वीडियो भी बना लिया। कार्यकर्ता के साथ उसकी सहायिका भी थी, जिसने दौड़कर मारपीट की सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शराबियों को पकड़ लिया। बदनावर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।

दरअसल, जिले में इन दिनों घर-घर जाकर वैक्सीन लगवाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने का काम किया जा रहा है, एसडीएम कार्यालय बदनावर से आदेश के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कैलाशीबाई गुर्जरवाडिया अपने सहायिका संजूबाई डामर के साथ केंद्र का काम समाप्त करने के बाद धावडीया-खो गांव पहुंची। जहां पर लोगों को वैक्सीन के फायदे व कोरोना के बारे में जानकारी दे रही थी। रिपोर्ट में कैलाशीबाई ने बताया कि गांव में लोगों को वैक्सीन का समझाने के बाद पुन दूसरे गांव की ओर जा रही थी, तभी आरोपी शैतान पुत्र धुलाजी और झामू पुत्र गिरधारी आए, उन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाने की बात को लेकर मारपीट की।

खेत में दौड़ी महिला
आरोपियों ने कैलाशीबाई पर डंडे से पीठ, सिर और पैर पर वार किए। ग्रामीणों ने नशे में धूत दोनों आरोपियों को पकड़ लिया था, इधर देर शाम आंगनवाडी कार्यकर्ता विभागीय अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी देने के बाद थाने पर पहुंची। जहां पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज कर लिया है।

बदनावर एसडीओपी देवेंद्र यादव का कहना है कि आंगनवाडी कार्यकर्ता के बताए अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया हैं, आरोपियों ने वैक्सीन नहीं लगवाने की बात पर विवाद किया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।