अम्बिकापुर,10नवंबर (वेदांत समाचार) । जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य 4 नवंबर 2025 से प्रारंभ हो चुका है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) का वितरण तथा जानकारी संकलन कर रहे हैं। यह प्रक्रिया 4 दिसंबर 2025 तक चलने वाली है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पूर्ण बनाना है। जिन मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज हैं, उनसे अपने विवरण का सत्यापन कराने की अपील की गई है। वहीं, नए मतदाता, पते में बदलाव या किसी अन्य संशोधन के लिए गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ के माध्यम से जमा कर सकते हैं।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पुनरीक्षण प्रक्रिया के लिए निम्न तिथियां निर्धारित की गई हैं गणना प्रपत्र भरने की अवधि 04 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक चलेगी, मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन दृ 09 दिसम्बर 2025 को होगा। दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 09 दिसम्बर 2025 से 08 जनवरी 2026 तक रहेगी। नोटिस चरण (सुनवाई एवं सत्यापन) – 09 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। वहीं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 07 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
ऑफलाइन माध्यम की सुविधा :
जिले के सभी मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा दिए गए गणना प्रपत्र में अपनी जानकारी भरकर ऑफलाइन माध्यम से जमा कर सकते हैं। गणना प्रपत्र भरने में आ रही दिक्कतों के लिए BLO द्वारा आवश्यक सहायता एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य सत्यापित करें, यदि त्रुटि हो तो तुरंत सुधार कराएं। मतदाता सूची का अद्यतन होना आगामी निर्वाचन की पारदर्शिता और सुगमता को सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।



