चेकपोस्ट पर अधिकारियों की भी लगेगी ड्यूटी..

देवभोग15 नवंबर (वेदांत समाचार)। ओडिशा सीमा के चप्पे-चप्पे पर चेकपोस्ट लगाए गए हैं। इनका निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर व एसपी ने कहा कि धान से भरा एक भी वाहन पार नहीं होना चाहिए। कर्मी ही नहीं अफसरों की भी 24 घंटे निगरानी ड्यूटी लगेगी।

ओडिशा सीमा से धान छतीसगढ़ नहीं आने देने अब देवभोग थाना क्षेत्र में 13 ने 18 चेक पोस्ट लगा दिए गए। जिसका निरीक्षण करने रविवार को भी कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर व एसपी पारूल माथुर देवभोग क्षेत्र का दौरा किया। दोपहर दो बजे से देर शाम साढ़े छह बजे तक दोनों आला अफसर ओडिशा सीमाओं में लगे चेक पोस्ट का निरीक्षण करते रहे। खुटगांव, खोकसरा, झिरीपानी, केंदुबन के अलावा दोनों अफसरों ने देवभोग से लगे कालाहांडी, नुआपाड़ा व नवरंगपुर की सीमाओं पर लगे सभी 13 चेक पोस्ट का निरक्षण किया। दौरे के दरम्यान कलेक्टर व एसपी ने उन कच्चे पांच रास्तों को भी देखा जहां से सीमा प्रवेश किया जा सकता है। इन पांच रास्तों पर भी चेक पोस्ट लगाने मातहतों को निर्देशित किया। देर शाम विश्राम गृह में अनुविभाग स्तर के अधिकारियों कर्मचारियों की बैठक लेकर धान खरीदी योजना को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिया।

दौरे से लौटने के बाद कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर व एसपी पारूल माथुर ने कहा कि इससे पहले तक केवल 13 चेक पोस्ट थे अब 18 होंगे, जरूरत हुई तो आगे चेक पोस्ट की संख्या बढ़ाकर हर हाल में ओडिशा से धान के आवक को रोकना है। चेक पोस्ट में अब तक रोस्टर पद्धति से केवल कर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगती थी, लेकिन इस बार ब्लाक व अनुविभाग स्तर के अफसर की भी ड्यूटी 24 घंटे की रहेगी। कलेक्टर ने राजस्व के अलावा सहकारिता, खाद्य व मंडी विभाग व पुलिस के साथ संयुक्त निगरानी टीम बनाने को कहा है, जो 6 से 8 घंटे तक टीमवार रोस्टर पद्धति से सीमा क्षेत्र में निगरानी करते रहेंगे।