[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

रायगढ़ पुलिस ने लूट के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, लूट की रकम बरामद कर भेजा जेल…

रायगढ़ पुलिस ने लूट के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, लूट की रकम बरामद कर भेजा जेल…

रायगढ़,05नवंबर (वेदांत समाचार) । जिले की घरघोड़ा पुलिस ने सड़क किनारे लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की रकम बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

घटना 2 नवंबर की रात की है। ग्राम कोगनारा निवासी दिलीप राठिया (31 वर्ष) अपने भतीजे भानु राठिया के साथ रोजी-मजदूरी का कार्य कर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-13-BE-3078) से घर लौट रहा था। जब वे दर्रीडीपा खान दुकान के पास पहुंचे, तभी वार्ड क्रमांक 12 नेगीपारा निवासी देवकुमार पैंकरा और हरेन्द्र पैंकरा ने रास्ता रोक लिया। मोटरसाइकिल रुकने पर दोनों ने दिलीप राठिया की शर्ट की जेब से 3,200 रुपये नगद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित ने इस घटना की रिपोर्ट 3 नवंबर 2025 को थाना घरघोड़ा में दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 290/2025 दर्ज कर धारा 126(2), 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए जांच प्रारंभ की।

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी। संदेह के आधार पर दोनों युवकों — देवकुमार पैंकरा (पिता धोबा पैंकरा, उम्र 20 वर्ष) और हरेन्द्र पैंकरा (पिता संजय पैंकरा, उम्र 20 वर्ष) — को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर आरोपी देवकुमार पैंकरा से 1,400 रुपये की लूट रकम बरामद की गई।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविन्द पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल और महिला आरक्षक सुप्रिया सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

[metaslider id="133"]

Vedant Samachar