विदेश यात्रा करना आजकल हर किसी की विश लिस्ट में होता है, लेकिन बजट हमेशा चिंता का विषय रहता है. अच्छी खबर यह है कि कुछ ऐसे देश हैं जहां भारतीय रुपया बेहद मजबूत है. यानी आपके पैसों की वैल्यू वहां ज्यादा है और खर्च कम. अगर आप कम बजट में विदेश घूमना चाहते हैं, तो ये 5 देश आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हैं.
नेपाल: भारत का पड़ोसी और बजट फ्रेंडली
नेपाल भारतीय यात्रियों के लिए सबसे आसान और सस्ता देश है. यहां की मुद्रा नेपाली रुपया (NPR) है, और 1 भारतीय रुपया लगभग 1.6 नेपाली रुपये के बराबर चलता है. यानी भारत के रुपए की वैल्यू नेपाल में ज्यादा है. यहां वीजा की जरूरत भी नहीं होती, जिससे यात्रा और भी आसान हो जाती है. काठमांडू घाटी, पोखरा और हिमालय के खूबसूरत नजारे यहां के प्रमुख आकर्षण हैं. नेपाल में खाना, रहने और ट्रैवलिंग भी काफी किफायती है.
वियतनाम: प्राकृतिक खूबसूरती और सस्ता खर्च
वियतनाम भी भारतीय रुपया रखने वालों के लिए बढ़िया डेस्टिनेशन है. यहां की मुद्रा वियतनामी डोंग (VND) है और 1 भारतीय रुपया लगभग 300 डोंग के बराबर है. वियतनाम अपने समुद्र तटों, ऐतिहासिक स्थलों और खूबसूरत शहरों जैसे हनोई और हो ची मिन्ह सिटी के लिए जाना जाता है.
कंबोडिया: अंकोरवाट और कम खर्च
कंबोडिया भारतीय पर्यटकों में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. यहां की मुद्रा कंबोडियन रिएल (KHR) है और 1 भारतीय रुपया लगभग 50 रिएल के बराबर चलता है. अंकोरवाट जैसे विश्व प्रसिद्ध मंदिर और देश की रंगीन संस्कृति इसे खास बनाती है. भारत के मुकाबले यहां का खर्च काफी कम है.
इंडोनेशिया: बाली और बजट का कमाल
इंडोनेशिया का नाम सुनते ही बाली की सुंदरता दिमाग में आ जाती है. यहां की मुद्रा इंडोनेशियन रुपिया (IDR) है, और 1 भारतीय रुपया लगभग 190 इंडोनेशियन रुपिया के बराबर है. इसका मतलब यह है कि भारत से गए पैसे से यहां सस्ती यात्रा की जा सकती है. इंडोनेशिया के समुद्र तट, मंदिर और रंगीन संस्कृति भारतीय यात्रियों को बहुत आकर्षित करती है. बाली में आप कम बजट में शानदार होटल, खाना और एक्टिविटीज का मजा ले सकते हैं.
श्रीलंका: समुद्र तट और चाय के बागान
श्रीलंका भारत का पड़ोसी देश होने के कारण यात्रा करना आसान है. यहां की मुद्रा श्रीलंकन रुपया (LKR) है और 1 भारतीय रुपया लगभग 4 LKR के बराबर है. सुंदर समुद्र तट, चाय के बागान और ऐतिहासिक मंदिर भारतीय यात्रियों को खूब पसंद आते हैं. श्रीलंका में आपका पैसा ज्यादा चलता है और आप कम बजट में बेहतरीन अनुभव ले सकते हैं.



