पटरी पर रेंगते नजर आया 10 फीट का अजगर…

बिलासपुर 13 नवंबर (वेदांत समाचार)। जोनल स्टेशन में शनिवार की सुबह उस समय यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया जब पटरी पर 10 फीट लंबा अजगर रेंगते नजर आया। कुछ यात्री प्लेटफार्म से वीडियो व फोटोग्राफी करते रहे। बाद में सूचना मिलने के बाद आरपीएफ, स्टेशन मास्टर समेत रेलवे के अन्य कर्मचारी पहुंच गए। वह भी ट्रैक पर अजगर को देखकर हैरान रह गए। इस दौरान रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। आधे घंटे के भी टीम ने अजगर को पकड़कर डिब्बे में कैद कर दिया। इसके बाद ही सभी ने राहत की सांस ली।

घटना सुबह 7:30 बजे की है। प्लेटफार्म दो पर यात्रियों की भीड़ थी। उस समय ट्रेन पहुंचने वाली थी। तभी अचानक एक यात्री की नजर पटरी पर रेंगते अजगर पर पड़ी। जैसे ही उसे अजगर कहकर चिल्लाया। अन्य यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। सभी यह सोचते रह गए कि आखिर स्टेशन में इतना लंबा अजगर कैसे आ गया।

हालांकि यात्री प्लेटफार्म पर थे और अजगर नीचे था। इसलिए यात्री सुरक्षित थे पर हड़कंप की स्थिति बनी रही। अजगर निकलने की खबर मिलते ही रेलवे स्टाफ भी मौके पर पहुंचे गए। उन्हें यह डर था कि कही अजगर किसी ट्रेन के पहिए की चपेट में न आ जाए। हालांकि ऐसा नहीं हुआ। करीब आधे घंटे बाद रेस्क्यू टीम पहुंची। उन्होंने अजगर को पकड़ा और साथ ले गए।

प्लेटफार्म पांच के बाद झाड़ी, जहां जीव-जन्तु का रहता है बसेरा

स्टेशन में जीव-जन्तु नजर आ रहे हैं। इसके लिए कही न कही रेल प्रशासन ही जिम्मेदार है। दरअसल प्लेटफार्म पांच के बाद और बाइपास लाइन के बीच का एक बड़ा हिस्सा अव्यवस्थित है।

झाड़ी व टूटी-फूटी बिल्डिंग के कारण इनका बसेरा रहता है। गर्मी के समय में यहां कई बार आग लगने की घटना भी हो चुकी है। इसके बाद भी रेलवे का संबंधित विभाग सफाई कराने में जरा भी रूचि नहीं लेता।