रायपुर, 03 नवम्बर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ सरकार NEET-PG स्टेट काउंसलिंग प्रक्रिया में NOC के लिए ₹25 लाख की जमीन या FD की अनिवार्यता को लेकर नियम बदल सकती है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल ने कहा कि इस नियम पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नियम के कारण कई छात्र छोड़ रहे सीटें
NEET-PG में सरकारी सेवा कर रहे डॉक्टरों को काउंसलिंग के दौरान NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) देना होता है। इसके लिए ₹25 लाख की जमीन या FD बतौर सुरक्षा राशि दिखानी पड़ती है।
यह शर्त पूरी न कर पाने के कारण कई छात्र अपनी सीटें छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।
मंत्री जयसवाल ने कहा—
“यह नियम पिछली सरकार के समय बनाया गया था। हम इसका परीक्षण कर रहे हैं। छात्रों की दिक्कतें समझी गई हैं। सभी के हित में जल्द ही उचित कदम उठाया जाएगा।”
छात्रों की व्यथा: “इतना पैसा कहां से लाएं?”
डॉ लक्ष्य शर्मा, जो सुकमा जिले में 7 महीने से ड्यूटी पर हैं, ने बताया—
“मेरी NEET रैंक 20,000 आई है। PG में एडमिशन लेना चाहता हूं, लेकिन परिवार के पास 25 लाख की संपत्ति नहीं है। गांव की जमीन पहले ही लोन में बंधी है। मां-बाप ने कह दिया कि पढ़ाई छोड़ दो, अब और बोझ नहीं उठा सकते।”
डॉ आफरीन खान, अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज से—
“मैं सरकारी बॉन्ड की दो साल की सेवा करने को तैयार हूं। एक साल पूरा भी कर चुकी हूं। लेकिन 25 लाख रुपए की FD या प्रॉपर्टी की शर्त हमारे लिए नामुमकिन है। हमारे पास इतनी आर्थिक स्थिति नहीं है।”
डॉक्टर फेडरेशन ने किया विरोध
छत्तीसगढ़ डॉक्टर फेडरेशन ने इस नियम को संवैधानिक सिद्धांतों के खिलाफ बताया है।
फेडरेशन का कहना है कि—
“यह नियम आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों के साथ भेदभाव करता है और शिक्षा के अधिकार तथा समान अवसर के सिद्धांत के विपरीत है।”
फेडरेशन ने मांग की कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए ‘नोटरीकृत एफिडेविट’ को वैकल्पिक दस्तावेज़ के रूप में स्वीकार किया जाए, ताकि उन्हें PG की पढ़ाई से वंचित न होना पड़े। मंत्री जयसवाल ने फेडरेशन की प्रमुख मांगों पर जरूरी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सरकार कर रही नियमों की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग ने इस नियम की समीक्षा शुरू कर दी है।
संभावना है कि आने वाले दिनों में सरकार ₹25 लाख की अनिवार्यता को लेकर संशोधित दिशा-निर्देश जारी करे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर डॉक्टरों को आगे की पढ़ाई का मौका मिल सके।



