घर के खुले आंगन में सो रहे बुजुर्ग की कुत्ते ने नोची आंखें…

 मध्यप्रदेश 12 नवंबर (वेदांत समाचार)। बांसवाड़ा में घर के आंगन में सो रहे 60 साल के बुजुर्ग पर एक पागल कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बुजुर्ग की दोनों आंखें नोच ली और लहूलुहान कर दिया। बुजुर्ग के चेहरे पर 20 टांके आए हैं। अभी वह यहां महात्मा गांधी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती है। दोनों आंखों पर पट्‌टी चढ़ी हुई है। हमले का बुजुर्ग की आंखों पर कितना असर हुआ है। अभी यह भी क्लीयर नहीं हो रहा।

मामला पाटन थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश से सटे बांसवाड़ा जिले के चारूणा गांव का है, जहां हमेशा की तरह मान सिंह (60) घर के खुले आंगन में सो रहा था। तभी अचानक आए कुत्ते ने मान सिंह पर हमला कर दिया। कुछ समझते उससे पहले कुत्ते ने 5 बार काट कर आंखें नोच लीं। शोर सुनकर घर के अंदर सो रहा परिवार बाहर दौड़ा और कुत्ते को भगाने के प्रयास किए, लेकिन कुत्ता भागने की बजाए परिवार की ओर दौड़ा। मजबूरी में परिवार को पागल कुत्ते को डंडे से मारना पड़ा। इसके बाद परिजन बिना देर किए महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचे। मौका स्थल की जिला मुख्यालय से दूरी करीब 80 किलोमीटर है।