अब इस ज़िले में भी लॉन की शादियों में पूरे मेहमानों की छूट, पूरी क्षमता से खुलेंगे सिनेमा हॉल..

जगदलपुर 11 नवंबर (वेदांत समाचार) | जगदलपुर में अब पूरी क्षमता के साथ सिनेमा घर , थियेटर खोले जाएंगे। साथ ही खुले स्थानों पर सामाजिक समारोह, विवाह जैसे कार्यक्रम करने की पूरी छूट भी दी गई है। लेकिन मैरिज हॉल या बंद कमरे में केवल 50% क्षमता के साथ ही आयोजन करने की अनुमति मिली है। कोरोना के मामलों में कमी को देखते हुए जगदलपुर के अपर कलेक्टर अरविंद एक्का ने नया आदेश जारी किया है।

उन्होंने कहा कि, कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी सिनेमा घरों, थियेटरों को पूरी क्षमता के साथ खोले जाने के आदेश दिए गए हैं। थिएटर मालिकों को प्रतिदिन सैनिटाइजर करना होगा। इसके साथ ही सिनेमा घर आने वाले लोगों को मास्क और फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। इसी तरह से बंद कमरे में कोई सामाजिक आयोजन होता है तो वहां भी इन कोविड नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। जगदलपुर में 3 सिनेमा हॉल हैं और करीब 10 शादी लॉन व हॉल हैं। यहां शादी के अलावा भी विभिन्न सभा-समारोह होते हैं। अब तक लगे प्रतिबंध के चलते यहां कार्यक्रमों की संख्या एकदम हो गई थी, लेकिन इस छूट के बाद अब फिर से सिनेमाघरों और कार्यक्रम स्थलों पर रौनक दिखाई देने लगेगी।

जानिए कोविड के आंकड़े

  • आज के एक्टिव मरीज – 11
  • अभी तक कुल पॉजिटिव केस – 20551
  • अभी तक ठीक हुए – 20286
  • अभी तक कोरोना से मौत – 254
  • कोविड वैक्सीन की पहली डोज- 458807