बूढ़े माता-पिता के इकलौते सहारे का लकड़ी काटते ग्राइंडर मशीन से कटा गला, हालत गंभीर

जांजगीर 10 नवंबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर में एक टाइल्स कारीगर का ग्राइंडर मशीन से गला कट गया। कारीगर मुंडेर पर लगी लकड़ी काट रहा था। इसी दौरान ग्राइंडर मशीन उछल कर उसके गले में जा लगी। गंभीर हालत में उसे बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका एक ऑपरेशन हो चुका है। आगे के इलाज के लिए उसे 3 लाख रुपयों से ज्यादा की दरकार है। बूढ़े माता-पिता का इकलौता बेटा परिवार के लिए अस्पताल के बिस्तर पर जंग लड़ रहा है।

सिवनी चांपा निवासी दीपक नामदेव (26) का पूरा परिवार मजदूरी करता है। उसके माता-पिता इन दिनों जम्मू-कश्मीर मजदूरी के लिए गए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन-चार दिन पहले दीपक गांव के ही एक मकान की मुंडेर में लगी लकड़ी को टाइल्स कटर ग्राइंडर मशीन से काट रहा था। इसी दौरान मशीन उछल कर उसके गले में जा लगी। इसके चलते दीपक के गले के आगे का हिस्सा बुरी तरह से कट गया।

दीपक नामदेव।

दीपक नामदेव।

40-45 फीसदी गहरा घाव, 3 लाख रुपए हो चुके खर्च
दीपक की हालत गंभीर देख उसे बिलासपुर रेफर किया गया है। यहां वह प्राइवेट अस्पताल स्वास्तिक में एडमिट है। उसका एक ऑपरेशन हो चुका है। इसमें करीब 3 लाख रुपए का खर्च आया था। अब उसको आगे के इलाज के लिए इतने ही रुपयों की और दरकार है। अभी उसका एक रिश्तेदार युवक देखभाल कर रहा है। उसने सोशल मीडिया और परिचितों के माध्यम से लोगों से मदद की अपील की है। उसके परिवार के लिए इतने रुपए का इंतजाम करना चुनौती है।