कोरबा, 04 अप्रैल 2026। Coal India Limited के चेयरमैन बी. साईंराम ने अपने दौरे के दूसरे चरण में South Eastern Coalfields Limited (SECL) की प्रमुख दीपका खदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान संचालन, कोयला उत्पादन और डिस्पैच व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने दीपका व्यू पॉइंट पर माइन प्लान के माध्यम से खदान की कार्यप्रणाली को समझा और अधिकारियों से उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने साइलो (Silo) का निरीक्षण कर कोयला डिस्पैच सिस्टम का भी जायजा लिया और उसकी कार्यक्षमता का आकलन किया।
बैठक के दौरान खदान की उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि के लिए बनाई जा रही भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। चेयरमैन ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर खदान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। चेयरमैन ने दीपका परियोजना की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि यह SECL की एकमात्र खदान है, जिसने अपना पर्यावरण स्वीकृति (EC) लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया है।
उन्होंने दीपका टीम को बधाई देते हुए कहा कि उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़कर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जो पूरे संगठन के लिए प्रेरणादायक है।
