Vedant Samachar

ट्रेनिंग से भागते हैं ये खिलाड़ी, पाकिस्तान के इस दिग्गज का बड़ा दावा, गिना दिए इन सारे क्रिकेटरों के नाम

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,30अक्टूबर : साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच में मिली करारी हार के बाद अब पाकिस्तानी टीम को पहले T20I में भी मेहमान टीम ने 55 रनों से हरा दिया. इस मुकाबले में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम अपना खाता भी नहीं खोल पाए और पवेलियन लौट गए. इस बीच पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी ने एक ऐसी बचकानी बात कह दी है, जिससे हर कोई हैरान हो गया है. ये पूर्व खिलाड़ी हमेशा ही बाबर आजम का सपोर्ट करता रहता है. अब पूर्व तेज गेंदबाज तनवीर अहमद ने दावा किया कि नेचुरली टैलेंटेड खिलाड़ी हमेशा फिजिकल ट्रेनिंग से बचता है. इस दौरान उन्होंने कई खिलाड़ियों के नाम भी ले डाले. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

तनवीर अहमद ने क्या कहा?
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज तनवीर अहमद ने पीटी स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, “जो नेचुरली टैलेंटेड खिलाड़ी होते हैं, उनकी हर एक चीज इतनी परफेक्ट होती है कि उन्हें किसी भी चीज की जरूरत ही नहीं पड़ती है. इसलिए ये खिलाड़ी हमेशा फिजिकल ट्रेनिंग से भागता है”.

इस दौरान तनवीर अहमद ने कुछ खिलाड़ियों के नाम भी लिए. उन्होंने दावा किया कि ब्रायन लारा, वीरेंद्र सहवाग, इंजमाम उल हक, विवियन रिचर्ड्स, रोहित शर्मा, युवराज सिंह, सईद अनवर सहित कई नेचुरल टैलेंटेड खिलाड़ी कभी भी फिजिकल ट्रेनिंग नहीं करते थे.

तनवीर अहमद ने किया बाबर आजम का बचाव
तनवीर अहमद ने ये बात कहकर पाकिस्तान के खिलाड़ी बाबर आजम का बचाव किया है, क्योंकि उनका कहना है कि बाबर के पास नेचुरल टैलेंट है. हालांकि पिछले कुछ समय से बाबर आजम के बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए दो टेस्ट मैचों की सीरीज में बाबर आजम कुछ खास नहीं कर पाए थे.

लाहौर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में वो पहली पारी में 23 और दूसरी पारी में 42 रन बनाकर आउट हो गए थे. दूसरे टेस्ट मैच में उनके ऊपर मैच बचाने का दारोमदार था, लेकिन वो ऐसा करने में नाकाम रहे. इस टेस्ट मैच में बाबर ने 16 और 50 रनों की पारी खेली. इसके बाद पहले T20I मैच में वो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.

Share This Article