सेंट्रल जेल से फरार कैदी का नहीं मिला सुराग, पुलिस कर रही छापेमारी..

बिलासपुर 09 नवंबर (वेदांत समाचार)। रविवार की शाम जेल परिसर स्थित गौशाला से फरार कैदी का दो दिन बाद भी सुराग नहीं मिल पाया है। मामले में सिविल लाइन पुलिस की टीम फरार कैदी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, कैदी के स्वजन से पूछताछ कर आरोपित के फरार होने में मदद करने वालों की भी जानकारी ली जा रही है। फिलहाल मामले में किसी की संलिप्त होने के बात सामने नहीं आई है।

रविवार की शाम जेल परिसर स्थित गौशाला की सफाई की जा रही थी। जेल में बंद कैदी अपने काम में लगे थे। इस दौरान कैदियों की निगरानी के लिए वहां पर जेल कर्मी भी मौजूद थे। जेल कर्मियों को चकमा देते हुए आजीवन कारावास की सजा काट रहा बंदी सत्यमदास महंत वहां से फरार हो गया। जेल प्रहरी को इसकी भनक तक नहीं लगी। इसके बाद जेलकर्मी बाकि कैदियों को लेकर जेल में आ गया। गणना के समय पता चला कि एक कैदी कम है।

इस पर फरार कैदी की तलाश की जाने लगी। जेल और आसपास तलाश करने के बाद जेल अधिकारियों ने इसकी जानकारी सिविल लाइन पुलिस को दी। इस पर सिविल लाइन पुलिस मामला दर्ज कर फरार कैदी की तलाश में जुट गई। पुलिस की एक टीम को कैदी के गांव रवाना किया गया। वहीं, शहर में भी कैदी की तलाश की जाने लगी। मंगलवार की शाम तक कैदी का सुराग नहीं मिल पाया है।