Vedant Samachar

शहीद पार्क में चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, बस्तर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Vedant Samachar
3 Min Read

जगदलपुर,26अक्टूबर (वेदांत समाचार) । बस्तर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। शहीद पार्क स्केटिंग ग्राउंड चौपाटी इलाके में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सानू उर्फ मोहित त्रिपाठी, अर्जुन राव और अनिल राव हैं। तीनों आरोपी महारानी वार्ड, जगदलपुर के निवासी हैं।

प्रार्थी साहिल साव पिता बादल कुमार साव, उम्र 25 वर्ष, निवासी शांति नगर वार्ड, जगदलपुर ने पुलिस को बताया कि दिनांक 25 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे वह शहीद पार्क स्थित अपनी दुकान पर था और सैंडविच खाने के बाद स्केटिंग ग्राउंड पहुंचा। वहां पहले से तीनों आरोपी मौजूद थे। साहिल ने उनसे सामान्य बातचीत की कोशिश की, लेकिन आरोपी अचानक भड़क गए और अश्लील गालियां देने लगे। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ा और तीनों ने मिलकर साहिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने की कोशिश की, जिससे साहिल को सिर में चोट आई। घटना के बाद साहिल किसी तरह वहां से बचकर निकला और थाना कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें : कोरबा: SI के नाम से फर्जी आईडी बनाकर ठगी का प्रयास, अर्जेंट काम का बहाना बताकर मांगें पैसे; पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में तुरंत टीम गठित की गई। टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली भोलासिंह राजपूत के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक भोलासिंह राजपूत, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उप निरीक्षक परिमल दास, प्रधान आरक्षक अनंत राम बघेल व अजय साहू तथा आरक्षक बंशी मौर्य, उत्तम और रंगलाल खरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में आपराधिक गतिविधियों और असामाजि तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Share This Article