तखतपुर विधायक रश्मि सिंह के फर्जी साइन से रुपए निकालने की कोशिश; पुणे की महिला के नाम जारी हुआ चेक

बिलासपुर 01 अक्टूबर (वेदांत समाचार)संसदीय सचिव और विधायक रश्मि आशीष सिंह के चेक पर फर्जी साइन कर उनके खाते से साढ़े 4 लाख रुपए निकालने की कोशिश की गई। पुणे स्थित बैंक से जब चेक क्लीयरैंस के लिए बिलासपुर की ब्रांच में पहुंचा तो इसका पता चला। बैंक कर्मचारियों ने चेक पर साइन देख संदेह की आशंका जताई थी। इसके बाद सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी की FIR दर्ज कराई गई है।

संसदीय सचिव व तखतपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक रश्मि आशीष सिंह का नेहरू नगर स्थित SBI में खाता है। 25 अक्टूबर को उनके नाम का चेक बैंक में क्लीयरैंस के लिए आया। बैंक मैनेजर ने साइन का मिलान किया तो उन्हें शक हुआ। इस पर उन्होंने विधायक को इसकी सूचना दी। बताया कि चेक पर साइन सही नहीं है।

पुणे की महिला रेहाना बेगम के नाम जारी हुआ था चेक
बैंक की ओर से बताया गया कि महाराष्ट्र के पुणे से रेहाना बेगम पति अलमत फकीर नाम की महिला के नाम से चेक जारी हुआ है और 4 लाख 51 हजार रुपए क्लीयरैंस का है। इस पर विधायक ने ऐसे किसी भी महिला को चेक जारी नहीं किए जाने की बात कही। उन्होंने अपने निज सचिव प्रशांत शर्मा के माध्यम से सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बैंक से जानकारी जुटाएगी पुलिस
थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि अभी शिकायत लेकर FIR दर्ज की गई है। इस मामले में बैंक से जानकारी जुटाई जाएगी। इस दौरान यह पता लगाया जाएगा कि धोखाधड़ी करने वाली महिला को बैंक खाता नंबर कहां से और कैसे मिला। चेक महाराष्ट्र के कौन से बैंक में जमा किया गया था। वहां से खातेदार का नाम हासिल कर क्लोन चेक तैयार करने वाले का पता लगाया जाएगा।

क्लोन चेक बनाने सक्रिय है गिरोह
शहर में इससे पहले भी क्लोन चेक बनाकर एक व्यापारी के खाते से कोलकाता में रुपए निकालने का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था। इस तरह से क्लोन चेक बनाकर फर्जी साइन कर राशि निकालने वाला गिरोह सक्रिय है। जो बड़े कारोबारियों को अपना शिकार बनाते हैं।