पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में 34 आतंकवादी मारे गए हैं। पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि की।
खुफिया जानकारी के आधार पर चला अभियान
पाकिस्तान की सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने बताया कि ये अभियान उत्तर वजीरिस्तान, दक्षिण वजीरिस्तान और बन्नु जिलों में खुफिया इनपुट के आधार पर चलाए गए थे।
मारे गए 18 आतंकी
पहली कार्रवाई उत्तर वजीरिस्तान के स्पिनवाम इलाके में की गई। यहां सुरक्षा बलों ने आतंकियों के ठिकाने पर धावा बोला। मुठभेड़ के दौरान 18 आतंकवादी मारे गए और उनका ठिकाना पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
दक्षिण वजीरिस्तान और बन्नु में भी अभियान
दूसरा अभियान दक्षिण वजीरिस्तान जिले में चलाया गया, जहां 8 आतंकवादी मारे गए। तीसरी मुठभेड़ बन्नु जिले में हुई, जिसमें भी 8 आतंकवादियों को मार गिराया गया।
आतंकवाद के सफाए के लिए अभियान जारी
ISPR के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। सेना ने कहा कि इन अभियानों का उद्देश्य उन सभी इलाकों से आतंकवादियों को पूरी तरह खत्म करना है, जो हाल के दिनों में चरमपंथी गतिविधियों से प्रभावित रहे हैं। फिलहाल सेना ने पूरे क्षेत्र को घेरा हुआ है और वहां कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई भी आतंकी भाग न सके।



