अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से किया हमला, युवक की मौत

मंडला, 21 अक्टूबर (वेदांत समाचार)  कोतवाली थाना के अंतर्गत मंडला में एक युवक की नृशंसता पूर्वक अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। युवक बाइक से बुधवार की रात डेढ़ बजे घर लौट रहा था। घर के नजदीक ही उस समय समूह में आरोपितों ने युवक को दौड़ाया और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान उसे बचाने आए छोटे भाई पर भी हथियार से हमला किया गया। जिससे भाई भी हमले में घायल है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना पुरानी रंजिश की वजह से हुई है। फिलहाल घटना को लेकर नागरिकों में रोष है। मृतक का नाम अभिषेक ज्योतिषी 32 वर्ष ईडन गार्डन कालोनी मंडला निवासी बताया गया है। वहीं उसके छोटा भाई घायल का नाम आनंद ज्योतिषी बताया गया है।

करीब दो दर्जन युवक रात में ढूंढ रहे थे :

 मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक ज्योतिषी की तलाश में करीब दो दर्जन युवक रात में ही घूम रहे थे। क्षेत्रीयजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस आई और युवक नहीं मिले तो वापस चली गई। यदि पुलिस सतर्क होती और निगरानी रखती तो शायद इस घटना से बचा जा सकता था। पुलिस के लौटने के बाद भी युवक क्षेत्र में बैठे रहे और जैसे ही अभिषेक ज्योतिषी बाइक से आया तो युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। घटना युवक के घर के नजदीक होने से वह भागा। घर में छोटे भाई आंनद को पता चला तो वह भी बचाने गया। लेकिन रास्ते में युवकों ने उसे रोक उस पर भी हमला कर दिया। घायल युवक को रात में ही भर्ती करा दिया गया। वहीं मृत अभिषेक का शव पास में ही नाली में गुरुवार सुबह मिला। वहीं उसकी बाइक को भी युवकों ने जला दिया था जो कि नाले में मिली है। घटना से क्षेत्रीय जनों में रोष व्‍याप्‍त है।

शव का पीएम कराया गया : पुलिस के द्वारा मृतक अभिषेक का पीएम कराया गया और शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। जिसका अंतिम संस्कार मुक्तिधाम में कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी हुई है।