Vedant Samachar

चलती बस में लगी भीषण आग: 15 यात्री झुलसे, खिड़कियां तोड़कर बचाई जान…

Vedant Samachar
2 Min Read

जोधपुर,14अक्टूबर । राजस्थान में बड़ा हादसा हो गया। जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक निजी बस मंगलवार दोपहर भीषण आग की चपेट में आ गई। हादसे में तीन बच्चों और चार महिलाओं सहित करीब 15 यात्री झुलस गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जोधपुर रेफर किया गया है।

घटना दोपहर करीब 3:30 बजे जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर थईयात गांव के पास हुई। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। बताया गया कि बस जब करीब 20 किलोमीटर आगे बढ़ी, तो अचानक उसके पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बचाई जान
आग लगते ही बस में अफरातफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में मदद की।

दमकल ने मशक्कत के बाद बुझाई आग
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है।

दो गंभीर रूप से झुलसे यात्री जोधपुर रेफर
घायलों में ओमाराम भील (30), इमामत (30) और उसका बेटा यूनूस शामिल हैं, जिनका इलाज जोधपुर के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article