किशाेरी काे बहला फुसलाकर ले गए थे दाे युवक, पुलिस ने राजस्थान से किया गिरफ्तार

ग्वालियर, 19 अक्टूबर (वेदांत समाचार)  बंगाली कालोनी से चार दिन पूर्व बहला-फुसलाकर ले गए 15 साल की किशोरी को पुलिस राजस्थान से बरामद कर लाई है। पुलिस ने किशोरी का अपहरण कर ले जाने के आरोप में दो युवकों को पकड़ा है। आरोपित ने किशोरी को बारां में अपनी मौसी के घर छिपाकर रखा था। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

मुरार थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि बंगाली कालोनी से किशोरी के गायब होने की सूचना घरवालों ने दी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ किशोरी को बहला-फुसलाकर अपहरण का मामला दर्ज किया। किशोरी का पता लगाने के लिए एसआइ हेमेंद्र सिंह के साथ एक टीम को लगाया गया। पुलिस को पड़ताल में पता चला कि किशोरी को दो युवक वैन में बिठाकर राजस्थान ले गए हैं।

किशोरी का क्लू मिलने पर पुलिस राजस्थान के बारां जिले में पहुंच गई। पुलिस ने किशोरी को सबसे पहले अपहरण कर ले जाने के आरोप में शंकर व महादेव मंडल को पकड़ा। दोनों युवकों से पूछताछ करने पर बताया कि किशोरी उनकी मौसी के यहां है। पुलिस किशोरी को बरामद कर ले आई है। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई किशोरी के कथन के आधार पर की जाएगी।

खुरैरी मुरार में विवाहिता से छेड़छाड़, मामला दर्जः 

मुरार थाने में 30 वर्षीय विवाहिता ने रणवीर जाटव के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है। घटना 22 सितंबर की है। पीड़िता ने बताया कि आरोपित ने उसके साथ छेड़छाड़ की। छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी देकर उसे खामोश कर दिया। पुलिस का दावा है कि छेड़छाड़ के आरोपित की तलाश की जा रही है।