महिला के सिर में ढाई इंच धंसी कुल्हाड़ी,चार घंटे तक चली सर्जरी

भोपाल 17 अक्टूबर (वेदांत समाचार) । विदिशा के सिरोंज तहसील के पास एक गांव की रहने वाली 36 साल की रेखा दांगी को विवाद के चलते एक शख्‍स ने कुल्हाड़ी मार दी। कुल्हाड़ी उनके सिर में करीब ढाई इंच धंस गई। महिला के घर वालों ने समझदारी दिखाते हुए कुल्हाड़ी निकाले बिना ही उसे भोपाल के नर्मदा ट्रामा सेंटर लेकर आए! यह हां छह डॉक्टरों की टीम ने करीब चार घंटे तक सर्जरी कर महिला की कुल्हाड़ी निकाली।

महिला की हालत अब खतरे से बाहर है।नर्मदा ट्रामा सेंटर के संचालक डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि महिला को अति गंभीर हालत में लाया गया था। कुल्हाड़ी सिर में उस जगह धंसी थी, जहां से पूरे शरीर की सोचने और समझने की क्षमता होती है। ऐसे में अगर घरवाले कुल्हाड़ी निकालने की कोशिश करते तो खून का रिसाव बहुत ज्यादा होने से महिला की जान भी जा सकती थी। साथ ही याददाश्त जाने का भी खतरा था। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान इस बात का पूरा ध्यान रखा गया कि कुल्हाड़ी निकलते समय खून का बहाव कम से कम हो। साथ ही किसी तरह की स्थाई क्षति ना हो।

महिला के सिर से रक्तस्राव ज्यादा हो रहा था। उसे ब्लड चढ़ाया गया, साथ ही उसे ऑक्सीजन सपोर्ट भी दिया गया। ऑपरेशन के बाद महिला को आइसीयू में रखा गया है। महिला की हालत गंभीर लेकर नियंत्रण में है। कुल्हाड़ी के वार के कारण उसके सिर के साथ ही चेहरे पर भी चोटें आई हैं। चेहरे की हड्डी में भी फ्रैक्चर हुआ है। उन्होंने बताया कि ऐसे मरीजों के लिए ऑपरेशन के बाद 48 घंटे महत्वपूर्ण होते हैं। लेकिन महिला यह समय पार कर चुकी है।