छत्‍तीसगढ़ में सावरकर पर सियासी रार, भाजपा बोली- विभाजन के लिए एक खानदान जिम्मेदार

रायपुर 16 अक्टूबर (वेदांत समाचार)  विनायक दामोदर सावरकर को लेकर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पलटवार के बाद सियासी रार शुरू हो गई है। कांग्रेस ने देश के विभाजन के लिए सावरकर को जिम्मेदार बताया है, तो भाजपा ने दस्तावेजों और तथ्यों के साथ पलटवार किया है। भाजपा ने आरोप लगाया कि देश का विभाजन सिर्फ एक खानदान की सत्तालोलुपता का परिणाम था।इस ऐतिहासिक सत्य को कभी झुठलाया नहीं जा सकता कि देश का बंटवारा जवाहर लाल नेहरू की वजह से हुआ था।

भाजपा ने सुभाषचंद्र बोस से लेकर लालबहादुर शास्त्री तक का जिक्र करते हुए कांग्रेस परिवार को कठघरे में खड़ा किया है।भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत ने कहा कि नेताजी सुभाष बाबू की खोज-खबर लेने तथा संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के बारे में सच को सामने लाने में तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू ने कोई रुचि नहीं दिखाई। 1966 में ताशकंद में तत्कालीन प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की संदिग्ध मौत का सच सामने लाने में उनके बाद प्रधानमंत्री बनीं इंदिरा गांधी ने कोई प्रयास नहीं किया।

कांग्रेस के पुरखों ने ऐतिहासिक तथ्य व सत्य से देश को वंचित रखा। एक परिवार की भक्ति में मशगूल उन कांग्रेस के नेताओं को किसी की राष्ट्रभक्ति और देश के लिए किए गए बलिदान पर टिप्पणी करना न तो शोभा देता है और न ही उनको इसका कोई अधिकार है।मूणत ने कहा कि दया याचिका बोल-बोलकर वीर सावरकर के यश और उनके बलिदान पर उंगली उठाते कांग्रेस के वैचारिक दुराग्रह की पराकाष्ठा यह है कि वे उस तथ्य से आंखें फेर लेते हैं, जो कांग्रेस नेताओं की मानसिकता को बेनकाब करने के लिए पर्याप्त है।

प्रथम विश्व युद्ध के समय कांग्रेस नेता यह मानकर चल रहे थे कि ब्रिटेन की तरफ से युद्ध में भारत के सहयोग के बाद अंग्रेज दया करके भारत को स्वतंत्रता न सही, स्वायत्तता तो दे ही देंगे।

कांग्रेस नेता देश विभाजन के लिए मुस्लिम लीग को जिम्मेदार बताकर अपने पाप को ढंकने की कोशिश करते हैं। जबकि यह एक स्थापित सत्य है कि धर्म के आधार पर हुए देश विभाजन के बाद भी भारत और पाकिस्तान में हिंदू-मुस्लिम आबादी लगभग बराबर ही रही है। अगर मुस्लिम लीग के कारण देश विभाजित होता तो सारे मुस्लिमों को पाकिस्तान चले जाना चाहिए था।

: रमन ने पूछा, क्या इटली से संचालित होती है कांग्रेस

पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर पलटवार करते हुए पूछा कि कांग्रेस क्या इटली से संचालित होती है। मुख्यमंत्री बघेल ने एक दिन पहले कहा था कि आरएसएस नागपुर से संचालित होती है, यहां के पदाधिकारियों की कोई औकात नहीं है। इसके जवाब में रमन ने पूछा कि संघ नागपुर से संचालित होता है, लेकिन कांग्रेस कहां से संचालित होता है, सीएम इसकी जानकारी दें।

रमन ने कहा कि सीएम बघेल का बयान हास्यास्पद है। संघ की पृष्ठभूमि उनको पता नहीं है। संघ ने अटल बिहारी वाजपेयी जैसी पीढ़ी का निर्माण किया, जिन्होंने छत्तीसगढ़ बनाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद संघ की पृष्ठभूमि से हैं। कांग्रेस ने देश को घोटाले की राजनीति का चरित्र दिया।