दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से दो की मौत

जिले के बरघाट थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बम्हनी के चम्मन टोला तालाब में शुक्रवार की सुबह करीब 10.30 बजे माता दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान तालाब के गहरे पानी में डूबने से दो व्यक्तियों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को जांच में लिया गया है।

गहरे पानी में उतरे थे : बरघाट थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि, ग्राम मानेगांव के पत्थरटोला क्षेत्र निवासी बसंत राहंगडाले (35) व रविंद्र ठाकुर (36) शुक्रवार सुबह प्रतिमा विसर्जन करने गांव के अन्य लोगों के साथ ग्राम पंचायत बम्हनी के चम्मनटोला तालाब गए थे। यहां देवी प्रतिमा को लेकर दोनों तालाब के गहरे पानी में विसर्जित करने उतर गए। इस दौरान गहराई में जाने के कारण दोनों पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों व्यक्तियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन जब तक शव तालाब के गहरे पानी से बाहर निकाले गए! दोनों ने मौके पर दम तोड़ दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के दोनों मृतकों के शव पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रकरण में विस्तृत जांच की जा रही है।

खुशी मातम में तब्‍दील : घटना से विजय दशमी व दुर्गा उत्सव की खुशी का माहौल माता में तब्दील हो गया। मृतकों के स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तालाब में बहुत अधिक पानी नहीं था। लेकिन जिस ओर दोनों व्यक्ति डूबे वहां गहरा गड्ढा होने के कारण दोनों पानी से बाहर नहीं निकल पाए। छोटा तालाब होने के कारण यहां पर पुलिस बंदोबस्त भी नहीं किया गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव पानी से बाहर निकाले गए। घटना के बाद तालाब के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई।