तेंदुएं ने महिला को बनाया अपना शिकार, दो हिस्सों में मिला शव…दहशत व्याप्त

कांकेर। जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र में एक तेंदुए ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया है। महिला अपने घर से लगे खेत की रखवाली के लिए बाहर सोई थी। इसी दौरान तेंदुआ महिला को उठाकर जंगल की तरफ ले गया। गुरुवार सुबह जब परिजन महिला की तलाश में जंगल की ओर गए तो महिला का शव दो टुकड़ों में मिला।

जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार देर रात नरहरपुर इलाके के बनसागर की है। यहां उर्मिला बाई (55) अपने घर के ही पास स्थित खेत में सो रही थी। बताया जा रहा है कि, महिला खेत की रखवाली करने के लिए सोई हुई थी। जिस जगह महिला का खेत है वह पहाड़ी से सटा हुआ इलाका है। इसी दौरान तेंदुआ महिला को उठाकर ले गया। सुबह जब परिजन खेत की तरफ गए तो उन्होंने उर्मिला को वहां नहीं देखा, जिसके बाद गांव में यहां-वहां उसे खोजा गया। इस दौरान परिजन जब थोड़ी दूर जंगल की तरफ खेत की ओर बढ़े तो उर्मिला का शरीर दो टुकड़ों में मिला। खेतों में सिर धड़ से अलग पड़ा था। साथ ही शरीर के कई हिस्सों को भी तेंदुआ खा लिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना वन अमले सहित नजदीकी पुलिस थाना में दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने तेंदुआ को ढूंढने का काम शुरू कर दिया। साथ ही आस-पास के गांव के लोगों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है।