ब्रजघाट समेत तीन घाटों पर बुद्ध पूर्णिमा पर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गंगा स्नान को लेकर उत्साह – vedantsamachar.in

ब्रजघाट समेत तीन घाटों पर बुद्ध पूर्णिमा पर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गंगा स्नान को लेकर उत्साह

ब्रजघाट 1 मई 2026। तीर्थ नगरी ब्रजघाट सहित तीन स्थानों पर वैशाख मास की बुद्ध पूर्णिमा पर श्रद्धालु गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। हर-हर गंगे के जयकारों से संपूर्ण गंगा तट गुंजायमान हो रहा है तो वहीं मंदिरों एवं गंगा तट पर मंत्रोचार, घंटों आदि की ध्वनि सुनाई दे रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस बल सतर्क दिखाई दे रहा है। गढ़मुक्तेश्वर के कच्चा घाट लठीरा, तीर्थ नगरी ब्रजघाट एवं बहादुरगढ़ क्षेत्र के पुष्पावती पूठ गांव में वैशाख मास की पूर्णिमा पर सुबह से ही भारी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे है। बुद्ध पूर्णिमा होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी दिखाई दे रही है तो वहीं अनेक श्रद्धालु बृहस्पतिवार की रात्रि ही तीर्थ नगरी ब्रजघाट पहुंच गए थे। श्रद्धालु गंगा स्नान करने के बाद तट पर श्रीसत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण कर रहे है तो वहीं वेदांत मंदिर, अृमत परिसर, श्रीराधा कृष्ण मंदिर, हनुमान मंदिर, नक्का कुआं मंदिर, गंगा मंदिर, कल्याणेश्वर महादेव आदि मंदिरों में जाकर विधि विधान से पूजा अर्चना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।